Sunday, December 18, 2022

मीनाक्षी मन्दिर

मीनाक्षी मन्दिर भव्य है। पुराना है। विशाल है। भूल भूलैया है। कहीं से भी रोशनी का प्रवेश नहीं है। छतें बहुत ऊँची हैं। स्तम्भ अचम्भित करते हैं। कलाकृति अविस्मरणीय है। 


हर तरह से देखने लायक़ मन्दिर। मन्दिर में स्टेज पर सांस्कृतिक कार्यक्रम - गायन, नृत्य, नाटिकाएँ भी - चलते रहते हैं। लड्डू फ़्री में भी मिलते हैं। ख़रीदें भी जा सकते हैं। बहुत ही साफ़ सुथरा मन्दिर है। कहीं कोई चढ़ावा नहीं है। न फूल, न मिठाई, न पैसे। हुंडिया हैं जिनमें इच्छा अनुसार डाला जा सकता है। 


लेकिन इतने विशाल मन्दिर में करना क्या है, जाना कहाँ है, देखना क्या है, इसकी महत्ता क्या है, कोई नहीं बताता है। 


हमारा ग्रुप एनआरआई ग्रुप है। और वह भी ऐसा ग्रुप जिसे हिन्दू धर्म का क-ख-ग नहीं पता है। वो ढूँढ रहा है गाइड। गाइड कोई मिले नहीं। मिले तो 30 सेकण्ड में भाग जाए। पूरा पैकेज टूर ख़रीदा गया है लेकिन टूर ऑपरेटर भी कई प्रकार के होते हैं। इन्होंने बस छोड़ दिया 500 मीटर दूर और कह दिया कर आओ दर्शन। वहाँ जाओ तो पश्चिम टॉवर भी है, उत्तर टॉवर भी है। किधर जाए? फ़ोन आदि बाहर ही छोड़ो। जितनी भी ख़ूबसूरती देखो, सब आँखों में संजो के रखो। यूट्यूब पर दर्जनों वीडियो देख लो। गुगल पर इतिहास पढ़ लो। प्लेस्टोर से ऑडियो गाइड डाउनलोड कर लो। लेकिन सब मन्दिर के बाहर। मन्दिर के अंदर बस तुम और हज़ारों साल पुराने स्तम्भ। 


दर्शन करने के लिए खुले आम दाम लिख रखे हैं अलग-अलग लाइन के लिए। फिर भी हम एनआरआई क्यों डेढ़ घंटे लाइन में खड़े रहेंगे? हम तो "पैसा फेंक, तमाशा देख" वाले हैं। हमारी आस्था और श्रद्धा न के बराबर है। 


आख़िरकार मिल ही गया कोई पण्डित जो कि पाँच हज़ार में हम पाँच को तुरंत दर्शन करवाने के लिए तैयार हो गया। और हमने दर्शन कर लिए। जैसे किए जा सकते हैं। यहाँ भी रूकने नहीं दिया जाता है। जल्दी आगे बढ़ो को निर्देश आते रहते हैं। पर धक्का मुक्की नहीं होती। हाथापाई नहीं होती। 


मूर्ति बहुत दूर है। आँखें फाड़ के भी नहीं समझ आती। सिर्फ़ मुकुट दिखता है। दीपक जलते दिखते हैं। आरती होती दिखती है। आरती तो क्या, बस दीपक की थाल दो-चार बार घुमा दी जाती है। कुमकुम भक्त के माथे पे लगा दिया जाता है। 


जब तक दर्शन नहीं किए लग रहा था कि इतनी दूर से आए हैं, बिना दर्शन के जाना ठीक नहीं। दर्शन कर के लगा क्या दर्शन किया?


राहुल उपाध्याय । 19 दिसम्बर 2022 । मदुरै 


No comments: