Tuesday, November 23, 2021

सिएटल

सिएटल शहर ओलंपिक और केस्केड पर्वत शृंखलाओं के बीच फैली वादी में बसा हुआ है। यह बहुत ही खूबसूरत शहर है। मैं तो इसे दुनिया का सर्वश्रेष्ठ शहर मानता हूँ। इंदौर भारत का सबसे स्वच्छ शहर है। और अमेरिका में प्रायः सारे शहर साफ़ है। तो इस तरह की प्रतिस्पर्धा तो यहाँ नहीं है। 


लेकिन फिर भी कुछ तो है इस शहर में जिनकी वजह से मैं इसे सर्वश्रेष्ठ मानता हूँ। 


सबसे बड़ी वजह तो यह कि दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति इसी शहर में रहते हैं। वे कहीं भी रह सकते हैं। स्विट्ज़रलैंड। नेपाल। आस्ट्रेलिया। जहाँ चाहे वहाँ। लेकिन नहीं। वे यहीं रहते हैं। और बरसों से रह रहे हैं। वे हैं बिल गेट्स और जेफ़ बेज़ोस। 


मेरे लिए तीन कारण हैं। 


पहला, मौसम। इससे बेहतर मौसम कहीं नहीं है। न ज़्यादा गर्मी। न ज़्यादा सर्दी। बर्फ़ गिरती है। पर इतनी नहीं कि सरदर्द बन जाए। सिर्फ़ एक या दो बार। इतनी कि बच्चों के स्कूल की और बड़ों के दफ़्तर में छुट्टी हो जाए। ख़ूब मज़े लो। और पतझड़ तो इतना सुन्दर कि आँखें हटाए न बने। 


आज दांतों की सफ़ाई कराने के बाद लौट रहा था तो खूबसूरत सूर्यास्त का नज़ारा सामने आ गया। गाड़ी रोकने से खुद को रोक नहीं पाया। और कुछ फ़ोटो ले ही लिए। 


यहाँ कई झीलें हैं। उनमें से एक है समामिश झील। जिसके एक तरफ माईक्रोसॉफ्ट स्थित है। 


ये फ़ोटो उसी झील के हैं। 


दूसरा कारण है, रोज़गार के अवसर। माइक्रोसॉफ़्ट, अमेज़ॉन, स्टारबक्स, आर-ई-आई, नार्डस्ट्रोम, बोईंग जैसी बड़ी कंपनियों के मुख्य कार्यालय यहीं है। इनके अलावा फ़ेसबुक और गुगल की भी बड़ी उपस्थिति है। हर क्षेत्र के प्राणी के लिए यहाँ पर्याप्त रोज़गार है। 


तीसरा कारण है, विद्यालय और विश्वविद्यालय। सब उम्दा है। मैं बाक़ी राज्यों में रह चुका हूँ। वहाँ के सरकारी विद्यालयों का स्तर उतना अच्छा नहीं है जितना यहाँ के विद्यार्थियों का। हाँ बॉस्टन और सेन फ्राँसिस्को के आसपास बहुत ही बढ़िया विश्वविद्यालय हैं। लेकिन सिएटल का वॉशिंगटन विश्वविद्यालय भी कम नहीं है। 


राहुल उपाध्याय । 23 नवम्बर 2021 । सिएटल 




No comments: