Saturday, April 16, 2016

रामचरितमानस का आठवाँ भाग

गुरूवार 14 अप्रैल के दिन आठवें भाग में लंकाकाण्ड समाप्त हुआ और उत्तरकाण्ड के 10 दोहे पढ़े। कुछ यहाँ प्रस्तुत हैं। 

===

32.1 में दो बातें हैं। दोनों ही आज प्रासंगिक हैं। निंदा करना आजकल आम बात है। और जिस देश में मैं रह रहा हूँ वहाँ बिना गो वध के लोगों का खाना नहीं पचता है। जबकि आजसे 440 वर्ष पूर्व ये दोनों पाप की श्रेणी में आते  थे। कवि प्रदीप के शब्दों में - देख तेरे संसार की हालत क्या हो गई भगवान, कितना बदल गया इंसान। 

 जब तेहिं कीन्हि राम कै निंदा। क्रोधवंत अति भयउ कपिंदा॥
हरि हर निंदा सुनइ जो काना। होइ पाप गोघात समाना॥1॥

भावार्थ:-जब रावण ने श्री रामजी की निंदा की, तब तो कपिश्रेष्ठ अंगद अत्यंत क्रोधित हुए, क्योंकि (शास्त्र ऐसा कहते हैं कि) जो अपने कानों से भगवान् विष्णु और शिव की निंदा सुनता है, उसे गो वध के समान पाप होता है॥1॥
===
अरण्यकाण्ड में जिस रेखा का उल्लेख नहीं मिलता,  उसकी ओर मंदोदरी इंगित करती हैं लंकाकाण्ड के 36.1 में रावण को सम्बोधित करते हुए। 
समुझि मन तजहु कुमतिही। सोह न समर तुम्हहि रघुपतिही॥
रामानुज लघु रेख खचाई। सोउ नहिं नाघेहु असि मनुसाई॥1॥
भावार्थ:- हे कान्त! मन में समझकर (विचारकर) कुबुद्धि को छोड़ दो। आप से और श्री रघुनाथजी से युद्ध शोभा नहीं देता। उनके छोटे भाई ने एक जरा सी रेखा खींच दी थी, उसे भी आप नहीं लाँघ सके, ऐसा तो आपका पुरुषत्व है॥1॥
=== 
कहा जाता है कि भगवान राम नर रूप में लीला करके संसार का उद्धार करने आए थे। लेकिन फिर भी कई प्रसंग ऐसे हैं जहाँ कोई-कोई पात्र उनके ईश्वर होने का रहस्य जान जाता है। अजब विडम्बना है कि किष्किन्धाकाण्ड में रावण, सुंदरकाण्ड में विभीषण, और यहाँ मंदोदरी राम को ईश्वर मान लेते है, लेकिन दशरथ, कैकेयी, और भरत का विश्वास उतना अडिग नहीं है, तभी तो दशरथ राम के वनवास से अतिशय आहत होते हैं, कैकेयी उन्हें वनवास भेज देती हैं, और भरत उन्हें वापस आने को कहते हैं। 
* अब पति मृषा गाल जनि मारहु। मोर कहा कछु हृदयँ बिचारहु॥
पति रघुपतिहि नृपति जनि मानहु। अग जग नाथ अतुलबल जानहु॥4॥

भावार्थ:- अब हे स्वामी! झूठ (व्यर्थ) गाल न मारिए (डींग न हाँकिए) मेरे कहने पर हृदय में कुछ विचार कीजिए। हे पति! आप श्री रघुपति को (निरा) राजा मत समझिए, बल्कि अग-जगनाथ (चराचर के स्वामी) और अतुलनीय बलवान् जानिए॥4॥
===
45.2 में श्रीराम के करूण हृदय का एक और उदाहरण मिलता है। 
* खल मनुजाद द्विजामिष भोगी। पावहिं गति जो जाचत जोगी॥
उमा राम मृदुचित करुनाकर। बयर भाव सुमिरत मोहि निसिचर॥2॥
भावार्थ:- ब्राह्मणों का मांस खाने वाले वे नरभोजी दुष्ट राक्षस भी वह परम गति पाते हैं, जिसकी योगी भी याचना किया करते हैं, (परन्तु सहज में नहीं पाते)। (शिवजी कहते हैं-) हे उमा! श्री रामजी बड़े ही कोमल हृदय और करुणा की खान हैं। (वे सोचते हैं कि) राक्षस मुझे वैरभाव से ही सही, स्मरण तो करते ही हैं॥2॥
===
62.8 में श्रीराम अपने उत्तरदायित्व के प्रति कितने कटिबद्ध हैं, यह लक्ष्मण मूर्छा प्रसंग से पता चलता है। 
* सौंपेसि मोहि तुम्हहि गहि पानी। सब बिधि सुखद परम हित जानी॥
उतरु काह दैहउँ तेहि जाई। उठि किन मोहि सिखावहु भाई॥8॥
भावार्थ:- सब प्रकार से सुख देने वाला और परम हितकारी जानकर उन्होंने (माता/पिता ने) तुम्हें हाथ पकड़कर मुझे सौंपा था। मैं अब जाकर उन्हें क्या उत्तर दूँगा? हे भाई! तुम उठकर मुझे सिखाते (समझाते) क्यों नहीं?॥8॥
===
और इसी प्रसंग में (62.9 में) गोस्वामीजी के कवित्व का एक और अनूठा उदाहरण:  बहु बिधि सोचत सोच बिमोचन
* बहु बिधि सोचत सोच बिमोचन। स्रवत सलिल राजिव दल लोचन॥
उमा एक अखंड रघुराई। नर गति भगत कृपाल देखाई॥9॥
भावार्थ:-सोच से छुड़ाने वाले श्री रामजी बहुत प्रकार से सोच कर रहे हैं। उनके कमल की पंखुड़ी के समान नेत्रों से (विषाद के आँसुओं का) जल बह रहा है। (शिवजी कहते हैं-) हे उमा! श्री रघुनाथजी एक (अद्वितीय) और अखंड (वियोगरहित) हैं। भक्तों पर कृपा करने वाले भगवान् ने (लीला करके) मनुष्य की दशा दिखलाई है॥9॥
===
89.1 में आश्चर्य हुआ जानकर कि श्रीराम ने रथ पर सवार होकर रावण से युद्ध किया। सारी तस्वीरें उन्हें पैदल ही दिखाती हैं। मैंने रामानंद सागर की टीवी श्रंखला देखी नहीं है। 
* देवन्ह प्रभुहि पयादें देखा। उपजा उर अति छोभ बिसेषा॥
सुरपति निज रथ तुरत पठावा। हरष सहित मातलि लै आवा॥1॥
भावार्थ:- देवताओं ने प्रभु को पैदल (बिना सवारी के युद्ध करते) देखा, तो उनके हृदय में बड़ा भारी क्षोभ (दुःख) उत्पन्न हुआ। (फिर क्या था) इंद्र ने तुरंत अपना रथ भेज दिया। (उसका सारथी) मातलि हर्ष के साथ उसे ले आया॥1॥
===
90 के छंद में बहुत अनूठा वर्णन है पुरूष प्रवृति का, गुलाब, आम और कटहल से तुलना करके। ऐसी तुलना कहीं नहीं देखी-सुनी। एकदम नई, जबकि है 442 वर्ष पुरानी। 
जनि जल्पना करि सुजसु नासहि नीति सुनहि करहि छमा।
संसार महँ पूरुष त्रिबिध पाटल रसाल पनस समा॥ 
एक सुमनप्रद एक सुमन फल एक फलइ केवल लागहीं।
एक कहहिं कहहिं करहिं अपर एक करहिं कहत न बागहीं॥
भावार्थ:-व्यर्थ बकवाद करके अपने सुंदर यश का नाश न करो। क्षमा करना, तुम्हें नीति सुनाता हूँ, सुनो! संसार में तीन प्रकार के पुरुष होते हैं- पाटल (गुलाब), आम और कटहल के समान। एक (पाटल) फूल देते हैं, एक (आम) फूल और फल दोनों देते हैं एक (कटहल) में केवल फल ही लगते हैं। इसी प्रकार (पुरुषों में) एक कहते हैं (करते नहीं), दूसरे कहते और करते भी हैं और एक (तीसरे) केवल करते हैं, पर वाणी से कहते नहीं॥
===
और फिर दोहे में रावण से श्रीराम के लिए दुर्वचन कहलवाने का साहस करते हैं, जबकि श्रीराम उनके परम ईष्ट हैं। 
* राम बचन सुनि बिहँसा मोहि सिखावत ग्यान।
बयरु करत नहिं तब डरे अब लागे प्रिय प्रान॥90॥
भावार्थ:-श्री रामजी के वचन सुनकर वह खूब हँसा (और बोला-) मुझे ज्ञान सिखाते हो? उस समय वैर करते तो नहीं डरे, अब प्राण प्यारे लग रहे हैं॥90॥
===
97 दोहे में एक और अनुपम उपमा है - जिमि तीरथ कर पाप
दोहा :
* तब रघुपति रावन के सीस भुजा सर चाप।
काटे बहुत बढ़े पुनि जिमि तीरथ कर पाप॥97॥
भावार्थ:-तब श्री रघुनाथजी ने रावण के सिर, भुजाएँ, बाण और धनुष काट डाले। पर वे फिर बहुत बढ़ गए, जैसे तीर्थ में किए हुए पाप बढ़ जाते हैं (कई गुना अधिक भयानक फल उत्पन्न करते हैं)!॥97॥
===
111 में यह जानकर बहुत ख़ुशी हुई कि ब्रह्माजी भी श्रीराम के चरणकमलों में प्रेम चाहते हैं। और श्रीराम की स्तुति करते हैं। 
* खल खंडन मंडन रम्य छमा। पद पंकज सेवित संभु उमा।।
नृप नायक दे बरदानमिदं। चरनांबुज प्रेमु सदा सुभदं।।11।। 
भावार्थ:-आप दुष्टों का खंडन करने वाले और पृथ्वी के रमणीय आभूषण हैं। आपके चरणकमल श्री शिव-पार्वती द्वारा सेवित हैं। हे राजाओं के महाराज! मुझे यह वरदान दीजिए कि आपके चरणकमलों में सदा मेरा कल्याणदायक (अनन्य) प्रेम हो।।11।।

===

114 की इन तीन चौपाइयों में बहुत ही मर्म की बात है। 

सुधा बरषि कपि भालु जियाए। हरषि उठे सब प्रभु पहिं आए।।
सुधाबृष्टि भै दुहु दल ऊपर। जिए भालु कपि नहिं रजनीचर।।3।।
भावार्थ:-इंद्र ने अमृत बरसाकर वानर-भालुओं को जिला दिया। सब हर्षित होकर उठे और प्रभु के पास आए। अमृत की वर्षा दोनों ही दलों पर हुई। पर रीछ-वानर ही जीवित हुए, राक्षस नहीं।।3।।
* रामाकार भए तिन्ह के मन। मुक्त भए छूट भव बंधन।।
सुर अंसिक सब कपि अरु रीछा। जिए सकल रघुपति कीं ईछा।।4।।
भावार्थ:-क्योंकि राक्षस के मन तो मरते समय रामाकार हो गए थे। अत: वे मुक्त हो गए, उनके भवबंधन छूट गए। किंतु वानर और भालू तो सब देवांश (भगवान् की लीला के परिकर) थे। इसलिए वे सब श्रीरघुनाथजी की इच्छा से जीवित हो गए।।4।।
* राम सरिस को दीन हितकारी। कीन्हे मुकुत निसाचर झारी।।
खल मल धाम काम रत रावन। गति पाई जो मुनिबर पाव न।।5।।
भावार्थ:-श्रीरामचंद्रजी के समान दीनों का हित करने वाला कौन है? जिन्होंने सारे राक्षसों को मुक्त कर दिया! दुष्ट, पापों के घर और कामी रावण ने भी वह गति पाई जिसे श्रेष्ठ मुनि भी नहीं पाते।।5।।
===

युद्ध में श्रीराम के विजयी होते ही ब्रह्मा, इंद्र और शिव श्रीराम की स्तुति करते हैं, (क्रमश: 111, 113 और 115 में)। श्रीराम का इतना आदर सम्मान पढ़कर मन प्रसन्न हो जाता है। शिव कहते हैं
* मामभिरक्षय रघुकुल नायक। धृत बर चाप रुचिर कर सायक।।
मोह महा घन पटल प्रभंजन। संसय बिपिन अनल सुर रंजन।।1।।
भावार्थ:-हे रघुकुल के स्वामी! सुंदर हाथों में श्रेष्ठ धनुष और सुंदर बाण धारण किए हुए आप मेरी रक्षा कीजिए। आप महामोहरूपी मेघसमूह के (उड़ाने के) लिए प्रचंड पवन हैं, संशयरूपी वन के (भस्म करने के) लिए अग्नि हैं और देवताओं को आनंद देने वाले हैं।।1।।

===
117 में यह पुष्टि हो जाती है कि भगवान प्रेम के भूखे हैं। 

जोग जप दान तप नाना मख ब्रत नेम।
राम कृपा नहिं करहिं तसि जसि निष्केवल प्रेम॥117 ख॥
भावार्थ:-(शिवजी कहते हैं-) हे उमा! अनेकों प्रकार के योग, जप, दान, तप, यज्ञ, व्रत और नियम करने पर भी श्री रामचंद्रजी वैसी कृपा नहीं करते जैसी अनन्य प्रेम होने पर करते हैं॥117 (ख)॥
===
सद्भाव सहित,
राहुल

No comments: