Tuesday, October 13, 2020

निदा फ़ाज़ली

आज निदा फ़ाज़ली का जन्मदिन है। 


मेरी पहली रचना का श्रेय उन्हीं को जाता है। 


यह रही वो रचना -


http://mere--words.blogspot.com/2008/02/blog-post_18.html 


2011 में एक और रचना लिखी थी। विपासना के दस दिन के मौन सत्र के दौरान। वहाँ लिखना-पढ़ना-बोलना-नज़रें मिलाना सब मना था। मैंने नियम का पूरा पालन किया। दोपहर के भोजन के बाद थोड़ा टहल लिया करता था। तभी सब पंक्तियाँ ज़हन में आई और घर आने पर ब्लैकबेरी पर उतरी। 


http://mere--words.blogspot.com/2011/12/blog-post.html 


निदा साहब ने बी-बी-सी के लिए एक स्तंभ भी लिखा। एक कड़ी यहाँ देखें। जिसमें वे बताते हैं कि कैसे किसी रचना का श्रेय किसी और को मिल जाता है और लाख चाहने पर भी सही नहीं किया जा सकता है। 


http://www.bbc.com/hindi/entertainment/story/2007/12/071226_nida_column.shtml 


एक अंतराल ऐसा भी आया जब मैंने कुछ लिखा नहीं। 2016 में निदा के निधन ने बहुत प्रभावित किया और लिखना फिर शुरू हो गया।  


https://mere--words.blogspot.com/2016/02/blog-post.html?m=1 


इनकी इस मशहूर गीत का मूल रूप यह है:


कभी किसी को मुकम्मल जहाँ नहीं मिलता 

कहीं ज़मीं कहीं आसमाँ नहीं मिलता 


तमाम शहर में ऐसा नहीं ख़ुलूस न हो 

जहाँ उमीद हो इस की वहाँ नहीं मिलता 


कहाँ चराग़ जलाएँ कहाँ गुलाब रखें 

छतें तो मिलती हैं लेकिन मकाँ नहीं मिलता 


ये क्या अज़ाब है सब अपने आप में गुम हैं 

ज़बाँ मिली है मगर हम-ज़बाँ नहीं मिलता 


चराग़ जलते ही बीनाई बुझने लगती है 

ख़ुद अपने घर में ही घर का निशाँ नहीं मिलता


राहुल उपाध्याय । 12 अक्टूबर 2020 । सिएटल 


ख़ुलूस = निष्कपटता

अज़ाब = पीड़ा 

बीनाई = दृष्टि 



Saturday, October 10, 2020

संगीतकार रवि (10 अक्टूबर 2020)

https://youtu.be/bkorO2ZZAv4 


इस 27 मिनट के वीडियो में बहुत कुछ सीखने को है:


*-* पन्नों पर लिखे शब्दों को धुन में कैसे पिरोया जाता है। 

*-* कितनी प्रतिभाएँ ऐसी हैं जिनका नाम कभी उजागर नहीं होता। 

*-* इंसान करना कुछ चाहता है और कर कुछ बैठता है। 

*-* नागिन की बीन वाली धुन कैसे बनी (7:30)

*-* रवि ने गीत लिखे भी और गाए भी। (8:38)

*-* चौदहवीं का चाँद हो - यह गीत कैसे बना। (11:48)


राहुल उपाध्याय । 10 अक्टूबर 2020 । सिएटल 


Friday, October 9, 2020

अमेरिका में चुनाव- भाग 2

जैसा कि मैंने कहा कि जनता को संतोष है कि सब ठीक ही चल रहा है। 


हर बार चुनाव के मुद्दे ऐसे होते हैं जिनसे आम आदमी का कुछ लेना देना नहीं है। 


रोटी, कपड़ा और मकान की समस्या न के बराबर है। हर वयस्क व्यक्ति एक गाड़ी अपने बजट के मुताबिक़ ख़रीद सकता है, और ख़रीद ही लेता है। हवा, पानी सब साफ़ है। बिजली की कोई कमी नहीं। 


बेरोज़गारी कितनी भी हो। हमेशा मुद्दा बनती है। लेकिन सब जानते हैं कि राष्ट्रपति का इसमें कोई हाथ नहीं है। हर व्यक्ति अपने जीवनकाल में कम से कम एक बार नौकरी से बर्खास्त होता ही है। उसे ले-ऑफ़ कहते हैं। 


लेकिन हर कोई छोटा-मोटा काम करके अपना घर चला  लेता है। परिवार छोटा ही होता है। और हर वयस्क धनोपार्जन करता है। 


इसके अलावा हर चुनाव में गर्भपात भी एक मुद्दा बनता है। रिपब्लिकन के लिए यह एक हत्या है। डेमोक्रेट के लिए यह महिला का अधिकार है, वह जो चाहे सो करे। 


फिर से वही परिणाम। राष्ट्रपति किस पार्टी का है, उससे भी महिला के अधिकार की क्षति नहीं होती। सिवाय इसके कि केन्द्रीय सरकार के अनुदान कम हो जाते हैं। कुछ क्लिनिक बंद हो जाते हैं। गरीब लोगों के लिए थोड़ी असुविधा होती है। 


फिर आते हैं अंतरराष्ट्रीय मुद्दे। कभी रूस, कभी अफ़ग़ानिस्तान, कभी इरान, कभी इराक़, कभी चीन। कोई न कोई खलनायक हमेशा मिल ही जाता है। पिछले तीन साल से रूस हावी था। आजकल चीन है। 


स्वास्थ्य सेवा पर कुछ सालों से चिन्ता व्यक्त की जा रही है। समाधान किसी के पास नहीं। और वैसे भी यह ज्वलंत मुद्दा नहीं। 


राष्ट्रपति ट्रम्प की एक खूबी यह है कि वह एक ट्वीट से किसी का भी किसी भी विषय से ध्यान भटका सकते हैं। 


इन दिनों बस यही ख़ास मुद्दा है कि वे मास्क क्यों नहीं पहनते हैं। बीमार हुए तो पृथक वास में क्यों नहीं रहते? वापस घर क्यों आ गए? घर आ गए तो घर में रहें। लोगों से क्यों मिलते हैं? क्यों मिलना चाहते हैं? क्यों ज़ूम पर बाईडेन से वाद-विवाद नहीं कर सकते हैं?


बाक़ी सारे मुद्दे हवा हो गए हैं। आतंकवाद? यह किस चिड़िया का नाम है?


बाईडेन की सरकार कैसी होगी, इसका आभास किसी को नहीं है। और बाईडेन भी समझाना ज़रूरी नहीं समझते। वे ट्रम्प नहीं हैं, क्या इतना ही काफ़ी नहीं है?


इन सबको देखकर आमतौर पर जो राष्ट्रपति होता है वही दोबारा राष्ट्रपति बनता है। (इसीलिए दो बार से ज़्यादा कोई राष्ट्रपति न बन सके, ऐसा संविधान में संशोधन किया गया।) कुछ अपवाद हैं लेकिन वह भी तब जब कोई बड़ा काण्ड हो जाए। बुश हारे इराक़ के कारण। कार्टर हारे इरान के कारण। 


इस बार यदि ट्रम्प हारेंगे तो कोरोना को ज़िम्मेदार माना जाएगा। लेकिन उनकी हार की सम्भावना कम है। कोरोना से जीतने का गुर किसी प्रशासन के पास नहीं है। 


राहुल उपाध्याय । 9 अक्टूबर 2020 । सिएटल 


9 अक्टूबर 2020

https://youtu.be/3H7DZHYXx_0 


आज रवीन्द्र जैन की पुण्यतिथि है। पाँच साल पहले इनके निधन पर इतना दुःख हुआ था कि जैसे कोई अपना चला गया हो। 


मैं प्रतिगीत शुरू से ही लिखता आ रहा हूँ। समझ लीजिए बच्चे की तीन पहिए वाली साइकल। भाव-धुन-गायकी सब पहले से मौजूद है, बस कुछ शब्दों की ही हेराफेरी करनी होती है। 


प्रतिगीत तभी प्रभावी होते हैं जब मूल गीत की जानकारी हो। आजकल की पीढ़ी उन गीतों से अनभिज्ञ है। अंत: उमेश का इन प्रतिगीतों को गा कर प्रस्तुत करना एक वरदान साबित हुआ। 


इस प्रतिगीत से ही हमारी जोड़ी का शुभारम्भ हुआ। 


राहुल उपाध्याय । 9 अक्टूबर 2020 । सिएटल 


Thursday, October 8, 2020

अमेरिका में चुनाव - भाग 1

अमेरिका में हर चार साल नवम्बर के पहले मंगलवार को राष्ट्रपति पद के लिए मतदान होता है। और उस दिन छुट्टी नहीं होती है। और न ही कोई संस्था अपने कर्मचारियों को छुट्टी देती है कि वे अपने मताधिकार का आसानी से लाभ उठा सकें। 


हर नागरिक को मतदान का अधिकार है चाहे वे किसी अन्य शहर, राज्य या विदेश में हों। सब डाक द्वारा मतदान कर सकते हैं। हर वर्ष एक बड़ी संख्या में ऐसे मतदान किया जाता है। अमेरिका के सैनिक विश्व के विभिन्न कोनों में आज भी तैनात हैं। और वे सब इसी प्रकार मतदान करते हैं। 


आश्चर्य की बात यह है कि जिस दिन मतदान होता ही उसी शाम पक्का अनुमान हो जाता है कि कौन जीता। जबकि उस दिन शाम पाँच बजे तक आप डाक में अपना मत डाल सकते हैं। यह मेरी समझ से बिलकुल परे था। कि अभी तो आपने मेरा लिफ़ाफ़ा खोला नहीं और परिणाम कैसे तय हो गया?


होता यह है कि उन्हें अनुमान है कि यदि एक प्रत्याशी हज़ार वोट से जीत रहा है और सौ-पचास लिफ़ाफ़े ही खोलने बाक़ी रह गए हैं तो क्या फ़र्क़ पड़ता है?


राष्ट्रपति का चुनाव भी सीधा चुनाव नहीं है। इसके लिए हर राज्य से प्रतिनिधि चुने जाते हैं जो दिसम्बर में असली राष्ट्रपति चुनते हैं। लेकिन आमतौर पर जिसे जनता ने चुना, उसे ही प्रतिनिधि भी चुनते हैं। 


एक और बात यह कि पूरे देश से कुल मिलाकर 538 वोट बनते हैं। जिसने 270 पा लिए वो विजयी। 


हर राज्य के जनसंख्या के आधार पर वोट हैं। कैलिफ़ोर्निया के, 55, सबसे ज़्यादा। अलास्का के, 3, सबसे कम। अब यदि कैलिफ़ोर्निया के मतदान में एक हज़ार एक नागरिकों ने प्रत्याशी 'क' को चुना, और एक हज़ार ने प्रत्याशी 'ख' को तो सारे वोट प्रत्याशी 'क' को मिलते हैं। 'ख' के खाते में कुछ भी नहीं। 


इसी प्रकार यदि प्रत्याशी 'क' हर बड़े राज्य में एक वोट से भी जीत जाए तो वो राष्ट्रपति बन सकता है। चाहे अन्य राज्य में कोई भी नागरिक उसे न चुने। 


एक और ख़ास बात। वह यह कि अधिकांश राज्य पहले से ही मान लिए गए हैं कि वे किसे वोट देंगे। ये राज्य प्रत्याशी देखकर वोट नहीं देते हैं। बल्कि ये पार्टी के प्रति समर्पित हैं। जो डेमोक्रेटिक पार्टी को देते आ रहे हैं, वे डेमोक्रेटिक पार्टी को ही देते जाएँगे। जो रिपब्लिकन को देते हैं, वे रिपब्लिकन को ही देंगे। 


मेरे राज्य, वाशिंगटन, में तय है कि सारे वोट डेमोक्रेटिक पार्टी को ही मिलेंगे।


जिनकी राजनीति में ज़्यादा दिलचस्पी नहीं है वे वोट ही नहीं देते इसी कारण, इन राज्यों में, कि परिणाम तो बदलेगा नहीं। 


कुछ राज्य हैं जिनका पूर्वानुमान लगाना मुश्किल है। इसलिए सारी जंग वहीं छिड़ती है। वे राज्य हैं: ओहायो, मिशिगन, पेन्सिलवेनिया, और फ़्लोरिडा। 


अन्य देशों के लोग जो यहाँ पर कई वर्षों तक रहने के बाद नागरिकता प्राप्त कर लेते हैं, उन्हें भी मताधिकार प्राप्त है। उनके वोट की क़ीमत भी उतनी है जितनी किसी अन्य नागरिक की। 


लेकिन नागरिकता हासिल करने का लक्ष्य मताधिकार प्राप्त करना नहीं था। आमतौर पर लक्ष्य होते हैं आवागमन की सुविधा, एवं नया व्यवसाय करने में आसानी। 


मतदान करना भी एक ज़िम्मेदारी का काम है। जैसे कि बच्चे का कॉलेज में दाख़िला कराना। क्या पता कौनसा सही निकलेगा? लेकिन इसे नज़रअंदाज़ भी नहीं कर सकते। 


लेकिन वोट न डालने के कई कारण पहले ही बता चुका हूँ। इसीलिए अमेरिका इतना विकसित है लेकिन अभी भी मतदान की स्थिति दयनीय है। जबकि मताधिकार के लिए कई आंदोलन हुए, जाने गईं तब जाकर प्रत्येक नागरिक को समान मताधिकार मिले। 


एक दृष्टिकोण से यह ख़ुशहाली का सूचक भी है। यानी जनता इतनी संतुष्ट है कि उन्हें तख्ता पलटने की या बरकरार रखने की कोई परवाह नहीं है। 


और यह भी सच है कि जिन बातों के लिए अमेरिका विश्वविख्यात है, उन सबमें किसी राष्ट्रपति का हाथ नहीं रहा: बोईंग, फ़ोर्ड, जी-एम, ए-टी-एण्ड-टी, आई-बी-एम, मेक्डॉनल्ड्स, माइक्रोसॉफ़्ट, फ़ेसबुक, गुगल, अमेज़ॉन। 


इन्हीं सब की उधेड़बुन में यह रचना लिखी थी:


डेमोक्रेट्स जीते या रिपब्लिकन्स जीते, हमें क्या

ये मुल्क नहीं मिल्कियत हमारी

हम इन्हें समझें, हम इन्हें जानें 

ये नहीं अहमियत हमारी


तलाश-ए-दौलत आए थे हम

आजमाने किस्मत आए थे हम

आते हैं खयाल हर एक दिन

जाएँगे अपने घर एक दिन

डेमोक्रेट्स जीते या रिपब्लिकन्स जीते

बदलेगी नहीं नीयत हमारी


ना तो हैं हम डेमोक्रेट

और ना ही हैं हम रिपब्लिकन

बन भी गये अगर सिटीज़न

बन न पाएँगे अमेरिकन

डेमोक्रेट्स जीते या रिपब्लिकन्स जीते

छुपेगी नहीं असलियत हमारी


न डेमोक्रेट्स के प्लान

न रिपब्लिकन्स के उद्गार

कर सकते हैं

हमारा उद्धार

डेमोक्रेट्स जीते या रिपब्लिकन्स जीते

पूछेगा नहीं कोई खैरियत हमारी


हम जो भी हैं

अपने श्रम से हैं

हम जहाँ भी हैं

अपने दम से हैं

डेमोक्रेट्स जीते या रिपब्लिकन्स जीते

काम आयेगी बस काबिलियत हमारी


फूल तो है पर वो ख़ुशबू नहीं

फल तो है पर वो स्वाद नहीं

हर तरह की आज़ादी है

फिर भी हम आबाद नहीं

डेमोक्रेट्स जीते या रिपब्लिकन्स जीते

यहाँ लगेगी नहीं तबियत हमारी


राहुल उपाध्याय । 8 अक्टूबर 2020 । सिएटल 


Thursday, October 1, 2020

1 अक्टूबर 2020

कोई लाख कहे कि कलियुग में इंसान की हालत बदतर हो गई है, मेरा तो यही मानना है कि त्रेतायुग की तरह आज कोई जनता के कहने पर अपनी गर्भवती पत्नी त्याग नहीं देता है। ना ही द्वापरयुग की तरह कोई अपनी पत्नी को जुए में दांव पर लगा देता है। मानवाधिकार की जितनी जागरूकता आज के दौर में है, कभी नहीं रही। 


और समस्याएँ, घोर अंधकार कब नहीं रहे हैं। 11 मई की पोस्ट में मैंने कई ऐसे उदाहरण दिए थे। https://rahul-upadhyaya.blogspot.com/2020/10/11-2020.html?m=1 


प्रदीप की 1954 में लिखी कालजयी रचना भी उसमें जोड़ लीजिए। 

https://youtu.be/TU5bGg3JUxw 


साहिर की रचना - वो सुबह कभी तो आएगी - भी कालजयी है। वो सुबह हमेशा भविष्य में ही होगी। कोई कभी नहीं स्वीकारेगा कि वो सुबह आ चुकी है। 


यह रचना जन-मानस के हर तबक़े को छूती है। यही एक असली कविता का पारस है। जो अमीर-गरीब, सुशिक्षित-अनपढ़, सबको बराबर अपील करें। 


ऐसी रचनाओं को क्लासिक भी कहा गया है। और आमतौर पर इनसे छेड़छाड़ पसंद नहीं की जाती है। 2017 में बनी फिल्म 'बेगम जान' में इसे थोड़ा बदला गया। शायद उसे पसंद नहीं किया गया। इसीलिए मैं उसे सुनने से अब तक वंचित रहा। 


मुकेश और आशा द्वारा गाए गीत में पहले छ: पद हैं। अरिजित और श्रेया ने सिर्फ़ पहले तीन पद गाए हैं। लेकिन टेक है: वो सुबह हम ही से आएगी। और यह बदलाव मुझे बहुत पसंद आया। 


वो सुबह कभी तो आएगी


इन काली सदियों के सर से जब रात का आँचल ढलकेगा

जब दुख के बादल पिघलेंगे जब सुख का सागर छलकेगा

जब अम्बर झूम के नाचेगा जब धरती नग्मे गाएगी


वो सुबह कभी तो आएगी


जिस सुबह की ख़ातिर जुग-जुग से हम सब मर-मर के जीते हैं

जिस सुबह के अमृत की धुन में हम ज़हर के प्याले पीते हैं

इन भूखी प्यासी रूहों पर इक दिन तो करम फ़रमाएगी


वो सुबह कभी तो आएगी


माना कि अभी तेरे मेरे अरमानों की क़ीमत कुछ भी नहीं

मिट्टी का भी है कुछ मोल मगर इन्सानों की क़ीमत कुछ भी नहीं

इन्सानों की इज़्ज़्त जब झूठे सिक्कों में न तौली जाएगी


वो सुबह कभी तो आएगी


दौलत के लिए जब औरत की इस्मत (इज़्ज़त) को न बेचा जाएगा

चाहत को ना कुचला जाएगा, ग़ैरत (स्वाभिमान) को न बेचा जाएगा

अपनी काली करतूतों पर जब ये दुनिया शर्माएगी


वो सुबह कभी तो आएगी


बीतेंगे कभी तो दिन आख़िर ये भूख के और बेकारी के

टूटेंगे कभी तो बुत आख़िर दौलत की इजारादारी (एकाधिकारी) के

जब एक अनोखी दुनिया की बुनियाद उठाई जाएगी


वो सुबह कभी तो आएगी


जब धरती करवट बदलेगी जब क़ैद से क़ैदी छूटेंगे 

जब पाप घरोंदे फूटेंगे जब ज़ुल्म के बंधन टूटेंगे 

जेलों के बिना जब दुनिया की सरकार चलाई जाएगी 


वो सुबह तो हम ही लाएँगे वो सुबह हम ही से आएगी 


——-

कविताकोष से ये दो पद और मिले:


मजबूर बुढ़ापा जब सूनी राहों की धूल न फांकेगा

मासूम लड़कपन जब गंदी गलियों में भीख न मांगेगा

हक़ मांगने वालों को जिस दिन सूली न दिखाई जाएगी


वो सुबह कभी तो आएगी


फ़ाक़ों की चिताओं पर जिस दिन इन्सां न जलाए जाएँगे

सीनों के दहकते दोज़ख में अरमां न जलाए जाएँगे

ये नर्क से भी गंदी दुनिया, जब स्वर्ग बनाई जाएगी


वो सुबह कभी तो आएगी

——-

रेख्ता पर ये दो मिले:


मनहूस समाजी ढाँचों में जब ज़ुल्म न पाले जाएँगे 

जब हाथ न काटे जाएँगे जब सर न उछाले जाएँगे 

जेलों के बिना जब दुनिया की सरकार चलाई जाएगी 

वो सुब्ह हमीं से आएगी 

संसार के सारे मेहनत-कश खेतों से मिलों से निकलेंगे 

बे-घर बे-दर बे-बस इंसाँ तारीक बिलों से निकलेंगे 

दुनिया अम्न और ख़ुश-हाली के फूलों से सजाई जाएगी 

वो सुब्ह हमीं से आएगी


-------

मूल गीत: 

https://youtu.be/SAFGZYh9-1M 


बेगम जान का गीत:

https://youtu.be/CTjCNGTsvwY 


रेख़्ता:

https://www.rekhta.org/nazms/vo-subh-kabhii-to-aaegii-sahir-ludhianvi-nazms?lang=hi 


कविताकोष:

https://kavitakosh.org/kk/वो_सुबह_कभी_तो_आएगी_/_साहिर_लुधियानवी 


राहुल उपाध्याय । 1 अक्टूबर 2020 । सिएटल 



11 मई 2020

एक समय ऐसा भी था जब हमारी किसी रचना को किसी भी पत्रिका में स्थान मिल जाता था तो हम फूले नहीं समाते थे। 


यदि किसी कवि सम्मेलन में एक छोटी सी रचना सुनाने का अवसर मिल जाता था, गदगद हो उठते थे। 


बाद में अपेक्षाएँ बढ़ जाती हैं। स्वयं से भी, प्रकाशकों से भी, और आयोजकों से भी। 


क्या मैं इतना बुरा लिखता हूँ? एक अरसा हुआ, कुछ छपा नहीं। किसी आयोजक ने सम्मेलन में बुलाया नहीं। बुलाया भी तो यह कह कर कि समय कम है, सिर्फ दो मिनट में जो भी सुनाना है, सुनाकर माईक से हट जाइएगा। 


सारी ख़ुशियाँ क्षणभंगुर होती हैं। 


थोड़ा असंतोष आवश्यक है ताकि कुछ करने की आग बुझे नहीं। लेकिन असंतुष्टि इतनी भी नहीं हो कि स्वयं ही जल-भुन जाए। 


यह संतुलन आसान नहीं है। 


कला कई लोगों के लिए पेशा नहीं है। वे किसी न किसी नौकरी या व्यवसाय से जुड़े हैं। सो रोज़ी-रोटी का तो मसला नहीं है। कि पदोन्नति नहीं हुई तो वेतन बढ़ेगा नहीं। 


कई कलाकार हैं जिनके लिए कला धन उपार्जन का ज़रिया है। लेकिन वे भी प्रचुर धन कमाने/बचाने के बाद भी दुखी रहते हैं। 


राहुल देव बर्मन। महान कलाकार। ख़ूब ख्याति अर्जित की। धन भी कमाया। लेकिन जीवन के अंतिम वर्षों में उदास रहे। कि कोई काम नहीं दे रहा। क्यों काम नहीं दे रहा? क्योंकि श्रोता बदल गए। उनकी रूचि बदल गई। 


मानव मन बावला है। 


दान सिंह के सन्दर्भ में यह सब विचार आए। उनका एक गीत ही इतना मधुर है कि वह गीत अमर हो गया। भले ही लोग उनके नाम से परिचित न हो, लेकिन उनकी रचना सबकी जानी-पहचानी है। 


सही अर्थों में एक सच्चा रचनाकार वही है जो अपनी रचना को स्वयं से परे देखे। यह न सोचे कि उसे कितना पारिश्रमिक मिला, कितने पुरस्कार मिले, किस प्रकाशक ने छापी, कितनी बेची, कितनी बताई वग़ैरह। सिर्फ एक ही मापदण्ड है कि वह कितनी आँखों और कितने कानों तक पहुँची। 


स्वयं से परे देखने में उस रचना से एक तरह की आज़ादी भी मिल जाती है। रचनाकार उस रचना से बंध कर नहीं रह जाता। घुटन नहीं होती। नया लिखने में डर नहीं लगता। 


आज सागर सरहदी का जन्मदिन है। दान सिंह जितने गुमनाम तो नहीं हैं वे, लेकिन जावेद अख़्तर की तरह विख्यात भी नहीं। 


वे एक कहानीकार थे। उन्होंने कभी-कभी, दूसरा आदमी एवं नूरी की पटकथा एवं संवाद लिखे। चाँदनी, कहो ना प्यार है, इंकार के संवाद लिखे।  सिलसिला की पटकथा लिखी। 


सआदत हसन मंटो का भी आज जन्मदिन है। वे भी कहानीकार थे एवं फ़िल्मों से जुड़े थे। नाम से अधिक वे बदनाम बहुत हैं। उनकी कहानियाँ पढ़नी हो तो books.jakhira.com पर नि:शुल्क एवं सहज उपलब्ध हैं। 


उनकी कहानियाँ (ठण्डा गोश्त, टोबे टेंक सिंह, एवं अन्य) को उनकी जीवनी में पिरोकर एक अच्छी फिल्म बनी है: मंटो। नवाजुद्दीन का अभिनय लाजवाब है। यह दो वर्ष पहले बनी थी। इसमें थोड़ी देर के लिए ऋषि कपूर भी हैं। और पहली बार बड़े पर्दे पर जावेद अख़्तर भी एक किरदार निभाते नज़र आते हैं। इस्मत चुगताई, कृष्ण चंदर, फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ के किरदार भी हैं। ठण्डा गोश्त कहानी के कारण उन पर मुकदमा भी चला था, दोषी भी ठहराए गए, एवं सज़ा भी मिली। 


इस फिल्म में फ़ैज़ की इस मशहूर ग़ज़ल का उल्लेख है:


कब ठहरेगा दर्द-ऐ-दिल कब रात बसर होगी 

सुनते थे वो आएँगे सुनते थे सहर होगी 


कब जान लहू होगी कब अश्क गुहर होगा 

किस दिन तिरी शुनवाई ऐ दीदा-ए-तर होगी 


कब महकेगी फ़स्ल-ए-गुल कब बहकेगा मय-ख़ाना 

कब सुब्ह-ए-सुख़न होगी कब शाम-ए-नज़र होगी 


वाइ'ज़ है न ज़ाहिद है नासेह है न क़ातिल है 

अब शहर में यारों की किस तरह बसर होगी 


कब तक अभी रह देखें ऐ क़ामत-ए-जानाना 

कब हश्र मुअ'य्यन है तुझ को तो ख़बर होगी


गुहर = मोती, रत्न

तिरी शुनवाई = तेरी सुनवाई

दीदा-ए-तर = नम आँखें 

फ़स्ल = फ़सल

सुख़न = कविता

वाइज़, ज़ाहिद, नासेह = उपदेशक

क़ामत-ए-जानाना = प्रियतम

हश्र = प्रलय

मुअ'य्यन = तय


यह आज़ादी के बाद के हालात को देखकर लिखी गई थी। दिनकर ने भी आज़ादी के बाद जो निराशा हाथ लगी, उसे इस कविता में उजागर किया है। 


भारत धूलों से भरा, आंसुओं से गीला, 

भारत अब भी व्याकुल विपत्ति के घेरे में. 

दिल्ली में तो है खूब ज्योति की चहल-पहल, 

पर, भटक रहा है सारा देश अँधेरे में.


रेशमी कलम से भाग्य-लेख लिखनेवालों, 

तुम भी अभाव से कभी ग्रस्त हो रोये हो?

बीमार किसी बच्चे की दवा जुटाने में, 

तुम भी क्या घर भर पेट बांधकर सोये हो?


असहाय किसानों की किस्मत को खेतों में, 

क्या जल मे बह जाते देखा है?

क्या खाएंगे? यह सोच निराशा से पागल, 

बेचारों को नीरव रह जाते देखा है?


देखा है ग्रामों की अनेक रम्भाओं को, 

जिन की आभा पर धूल अभी तक छायी है?

रेशमी देह पर जिन अभागिनों की अब तक 

रेशम क्या? साड़ी सही नहीं चढ़ पायी है.


पर तुम नगरों के लाल, अमीरों के पुतले, 

क्यों व्यथा भाग्यहीनों की मन में लाओगे?

जलता हो सारा देश, किन्तु, होकर अधीर तुम दौड़-दौड़कर क्यों यह आग बुझाओगे?


चिन्ता हो भी क्यों तुम्हें, गांव के जलने से, 

दिल्ली में तो रोटियां नहीं कम होती हैं

धुलता न अश्रु-बुंदों से आँखों से काजल, 

गालों पर की धूलियां नहीं नम होती हैं.


जलते हैं तो ये गांव देश के जला करें, 

आराम नयी दिल्ली अपना कब छोड़ेगी?

या रक्खेगी मरघट में भी रेशमी महल, 

या आंधी की खाकर चपेट सब छोड़ेगी.


यानी सारा दु:ख, सारी परेशानियाँ आज की नहीं है। पहले भी ऐसा ही था। न रत्ती भर ज़्यादा।  न रत्ती भर कम। 


राहुल उपाध्याय । 11 मई 2020 । सिएटल